मल्लावां के बीएन इंटर कालेज में सैनिटाइजेशन करते नगर पालिका कर्मी। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। महाराष्ट्र से लौटा मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के सराय गौरी गांव का युवक कोरोना पॉजिटिव मिला है। दस मई की रात दो साथियों के साथ गांव वापस आने के बाद उसे बीएन इंटर कालेज में बने क्वारंटीन सेंटर में रोका गया था। संक्रमित होने के बाद उसे बावन स्थित कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब जिले में कोरोना संक्रमित 18 हो गए हैं, इनमें 16 एक्टिव केस हैं। दो लोग ठीक हो चुके हैं।
मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सराय गौरी निवासी तीन युवक महाराष्ट्र के ठाणे जनपद में काम करते थे। सात मई को ये लोग ठाणे में ही टेंपो चलाने वाले गांव निवासी साथी के साथ वापस गांव आने के लिए निकले थे। इनके साथ उन्नाव जनपद के बांगरमऊ थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हौली निवासी एक युवक भी था।
दस मई की रात खम्हौली निवासी युवक बांगरमऊ में उतर गया था, जबकि तीन लोग टेंपो से गांव आ गए थे। ग्राम प्रधान को 11 मई की सुबह इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने तीनों युवकों को मल्लावां के बीएन इंटर कालेज क्वारंटीन सेंटर भेज दिया। 17 मई को इन्हें जिला अस्पताल भेज कर कोरोना की जांच के लिए नमूना लिया गया।
मंगलवार दोपहर आई रिपोर्ट में 28 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव मिला। युवक ठाणे के भयंदर ईस्ट थाने अंतर्गत स्टील फैक्टरी में ग्लास कटिंग करता था। युवक के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद सराय गौरी को सील कर दिया गया है। युवक के माता पिता, पत्नी, बच्चे सहित कुल दस परिजनों की भी जांच कराई जाएगी। सीएचसी मल्लावां के अधीक्षक डा. एके मिश्रा ने बताया कि गांव में सैनिटाइजेशन किया जाएगा। मल्लावां नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी मुकेश निगम ने बताया कि क्वारंटीन सेंटर में भी सैनिटाइजेशन कराया गया है।