हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम नाऊपुरवा में संदिग्ध हालात में मंगलवार शाम मजदूर की मौत हो गई। परिजनों ने मालिक पर पीटकर जहर खिलाने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नाऊखेड़ा निवासी पप्पू (20) पुत्र बालकराम अविवाहित और चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। वह पड़ोस के लिलवल गांव में युवक के घर पर मजदूरी करता था। परिजनों के मुताबिक मंगलवार को मालिक उसे बेहोशी की हालत मेें बाइक से घर छोड़ गया था। इसके बाद उसकी हालत ज्यादा बिगड़ गई। परिजन उसे जिला अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, इस बीच उसने दम तोड़ दिया। मृतक के भाई सुनील ने मालिक पर मारपीट कर जहर खिलाने की आशंका जताई है। एसओ सुभाषचंद्र सरोज ने बताया कि घटना संदिग्ध लग रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।