पाली/शाहाबाद (हरदोई)। पाली थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में पेड़ की डाल काटते समय मजदूर की गिरकर मौत हो गई डाल सबमर्सिबल पंप के लिए बोरिंग किए जाने के दौरान मशीन लगाने में आड़े आ रही थी।
पाली थाना क्षेत्र के ठेहापुर निवासी रजनीश (35) गांव के ही मुकन्ने तिवारी के साथ बोरिंग का काम करते थे। शुक्रवार को पाली थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में वह प्रधान पति जय प्रकाश की दुकानों के बाहर सबमर्सिबल पंप की बोरिंग करने गए थे। बाेरिंग मशीन लगाते समय एक पेड़ की डाल बीच मेें आ रही थी। इस पर रजनीश पेड़ पर चढ़कर डाल काट रहे थे, तभी वह नीचे गिर गए।
मौके पर मौजूद लोग उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहाबाद ले गए। यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवार में पत्नी दाे पुत्री और एक पुत्र है। शाहाबाद कोतवाल राजदेव मिश्रा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। (संवाद)