हरदोई। शहर से सटे धियर महोलिया निवासी जिले की बिटिया ने एक बार फिर क्रिकेट में अपना लोहा मनवाया है। गेंदबाजी में खुद को स्थापित करने के बाद लगातार तीसरी बार उनका चयन उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की अंडर-19 बालिका वर्ग की राज्य स्तरीय ट्रायल के लिए हुआ है। बृहस्पतिवार से वह मुरादाबाद में राष्ट्रीय टीम में चयन के लिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
शहर के श्रीवेणी माधव विद्यापीठ में इंटरमीडिएट की छात्रा कोमल सिंह एक सामान्य परिवार से आती हैं। इसके बाद भी उनके पिता ऋषि सिंह ने उनके सपनों को कभी टूटने नहीं दिया। कोमल की रुचि क्रिकेटर बनने में रहीं तो उनके सपनो को सक्सेस क्रिकेट अकादमी ने सकारा कराया। अकादमी के कोच सूर्य प्रताप सिंह के निर्देशन में कोमल ने गेंदबाजी में कई गुर सीखे और बेहतरीन प्रदर्शन दिखाया। यही वजह है कि लगातार तीसरे साल कोमल का चयन उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की अंडर-19 बालिका वर्ग की राज्य स्तरीय ट्रायल के लिए हुआ। बीते दो साल वह किन्हीं कारणों से चूक गईं। फिर भी कोमल ने हार नहीं मानी।
तीसरी बार वह फिर मुरादाबाद में 15 अक्तूबर से होने वाले ट्रायल में भाग ले रही हैं और यहां से चयनित होकर वह राष्ट्रीय स्तर के चयन में प्रतिभाग कर सकेंगी। कोमल ने बताया कि वह पूरी तरह से तैयार हैं और बेहतर प्रदर्शन करेंगी। कोच सूर्य प्रताप ने भी भरोसा जताते हुए कोमल के नेशनल टीम में जगह बनाकर जिले का नाम रोशन करने की बात कही है।