फोटो-15- रोडवेज बस के पहिये के नीचे दबी किसान की बाइक। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत हरदोई-लखनऊ मार्ग पर रविवार दोपहर लखनऊ चुंगी के निकट तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार किसान को कुचल दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
बेहटागोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम टोडरपुर निवासी संतराम (50) पुत्र सुंदरलाल किसान था। रविवार दोपहर वह शहर के लखनऊ रोड स्थित प्राइवेट क्लीनिक पर दवा लेने गया था। दवा लेकर लौटते समय लखनऊ चुंगी के निकट तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसे रौंद दिया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक उसकी सांसें थम गईं। घटना के बाद चालक बस छोड़कर भाग गया। शहर कोतवाल शैलेंद्र श्रीवास्तव ने लोगों से पूछताछ कर शव जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। मृतक के परिवार में पत्नी रानी, दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। कोतवाल शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि रोडवेज बस के चालक के बारे में जानकारी कर ली गई है। परिजनों से तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।