पत्रकारों से वार्ता करते सांसद नरेश अग्रवाल।
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई। सपा के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद नरेश अग्रवाल ने जल्द ही हरदोई को 18 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा किया है। रविवार को पत्रकारों से वार्ता में सांसद ने कहा कि इस संबंध में मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी से बात की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सपा सरकार ने चार साल में अपने सभी चुनावी वादे पूरे कर दिए हैं । केंद्र की मोदी सरकार ने एक भी वादा पूरा नहीं किया है।
वैटगंज स्थित आवास पर पत्रकारों से वार्ता में सांसद नरेश अग्रवाल ने कहा कि हाल ही में केंद्र की मोदी सरकार ने दो साल पूरे किए हैं। केंद्र सरकार ने एक भी चुनावी वादा पूरा नहीं किया है। केंद्र यूपी के साथ भेदभाव कर रहा है। मैंने प्रधानमंत्री से यूपी के सीएम के साथ अकेले बैठक करने की मांग की थी । प्रधानमंत्री ने बैठक नहीं की। बुंदेलखंड में सूखा राहत, गंगा सफाई सहित किसी भी मद का पैसा यूपी को नहीं दिया गया है। सांसद नरेश ने कहा कि यूपी सरकार कानून व्यवस्था से समझौता नहीं करेगी। अपराधी कोई भी हो, जेल के अंदर होगा। जिले में बढ़ती चोरी, डकैती और अन्य वारदातों के सवाल पर नरेश ने कहा कि पुलिस को कानून व्यवस्था में सुधार के लिए कहा गया है। शनिवार रात शहर की दो दुकानों में हुईं चोरियों का खुलासा भी जल्द करने के निर्देश कोतवाल को दिए जा चुके हैं।