हरदोई। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के सभी लाभार्थियों को किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने की कवायद जनपद में रफ्तार नहीं पकड़ पा रही है। कार्य में तेजी लाने के उद्देश्य से अब तीन दिन तक ग्राम पंचायतों में ही किसान क्रेडिट कार्ड देने के लिए विशेष शिविरों का आयोजन किए जाने का निर्णय गुरुवार को हुई एक बैठक में लिया गया है।
जनपद में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 5 लाख 66 हजार किसानों को लाभ दिया जा चुका है। इन सभी किसानों को क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराए जाने हैं। इसके सापेक्ष दो लाख किसानों के पास पहले से ही क्रेडिट कार्ड हैं। शेष 3 लाख 66 हजार किसानों के क्रेडिट कार्ड बनवाए जाने के लिए 21, 22 और 23 फरवरी को ग्राम पंचायतों में शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक वीएन शुक्ला के कार्यालय में उपनिदेशक कृषि डॉ. आशुतोष मिश्र की मौजूदगी में केसीसी बनाने के लिए शिविर आयोजित किए जाने पर मुहर लगी। उपनिदेशक ने बताया कि किसान चाहें तो सीधे संबंधित बैंक शाखा में जाकर भी आवेदन कर केसीसी हासिल कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि सभी बैंकों को केसीसी बनाने का लक्ष्य भी दे दिया गया है। हर रोज शाम को सात बजे इसकी प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी। खराब प्रगति वाले बैंक प्रबंधकों के विरुद्ध कार्रवाई भी की जाएगी।