हरदोई। वाराणसी और नई दिल्ली के बीच चलने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस इन दिनों यात्रियों के लिए सुविधा के बजाय मुसीबत का सबब बन गई है। रैक शेयरिंग के प्रयोग से ट्रेन के संचालन की समयबद्धता की कमर टूट गई है। अप और डाउन रूट पर दोनों दिशाओं में ट्रेन का संचालन पूरी तरह चरमरा गया है। यात्रियों को ट्रेन के इंतजार में घंटों स्टेशन पर बैठना पड़ रहा है।
रेलवे ने काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस का रैक शिवगंगा एक्सप्रेस के साथ साझा कर दिया गया है। इसके बाद ट्रेन के संचालन की स्थिति बदतर हो गई है। बुधवार की रात को भी ट्रेन के संचालन का असर साफ देखने को मिला। बता दें कि, वाराणसी से नई दिल्ली जा रही ट्रेन 15127 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय रात 10 बजे के स्थान पर 4.17 घंटे की देरी से हरदोई स्टेशन पहुंची। आधी रात को ट्रेन का इंतजार कर रहे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
अप ही नहीं, बल्कि डाउन रूट पर भी स्थिति ऐसी ही बनी हुई है। बृहस्पतिवार को भी नई दिल्ली से वाराणसी के लिए रवाना होने वाली ट्रेन 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस अपने शुरुआती स्टेशन से ही लगभग 4.30 घंटे की देरी से चली। वहीं, अधिकारियों ने इसके रास्ते में इसके और अधिक देरी होने की संभावना व्यक्त की है। ऐसे में लखनऊ और वाराणसी पहुंचने वाले यात्रियों को परेशान होना पड़ा। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि ट्रेन के संचालन की स्थिति को सुधारने का प्रयास किया जाएगा।