फोटो 25 - शुभम। फाइल फोटो-
= हरदोई-बिलग्राम मार्ग पर हैबतपुर के पास रविवार रात हुई घटना
= उपचार के दौरान लखनऊ में तोड़ा दम
संवाद न्यूज एजेंसी
बेहटा गोकुल। हरदोई-बिलग्राम मार्ग पर बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में हैबतपुर के पास बाइक सवार दो कांवड़िये ट्रैक्टर ट्राॅली में पीछे से जा घुसे। घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे से आए इनके साथियों ने यूपी 112 पर घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी और फिर मेडिकल कॉलेज भेजा। उपचार के दौरान लखनऊ ट्रामा सेंटर में एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर है।
बरखेरा निवासी शुभम (26) दिल्ली में एक प्राइवेट फैक्टरी में काम करता था। वह हर साल कांवड़ चढ़ाने जाता था। इसीलिए रविवार सुबह ही वह दिल्ली से गांव आ गया था। गांव निवासी अपने दोस्त अनिल (32) के साथ रविवार रात लगभग 8:30 बजे बाइक से कांवड़ लेने बिलग्राम के राजघाट जाने को निकला था। उसका चचेरा भाई नीलेश भी कुछ अन्य लोगों के साथ बाइक से कांवड़ लाने के लिए गया था।
शुभम के चाचा राजपाल ने बताया कि हैबतपुर के पास आगे जा रही ट्रैक्टर ट्राॅली में शुभम की बाइक जा घुसी। घटना में शुभम और अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी बीच नीलेश भी मौके पर पहुंच गया। उसने यूपी 112 पर सूचना दी, तो बिलग्राम कोतवाल विजय कुमार मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को सीएचसी बिलग्राम पहुंचाया। यहां से दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को लखनऊ ट्रामा सेंटर भेजा गया। यहां उपचार के दौरान देर रात शुभम की मौत हो गई। अनिल की हालत गंभीर है और परिजन उन्हें एक प्राइवेट अस्पताल में ले गए हैं। कोतवाल विजय कुमार ने बताया कि हादसा कैसे हुआ है, यह स्पष्ट नहीं है।