ट्राॅली पर लगे डीजे हार्न एचटी लाइन की चपेट में आने से उतरा करंट
संवाद न्यूज एजेंसी
मल्लावां। कोतवाली क्षेत्र के अकबरपुर गांव में बाहर से निकली एचटी लाइन का तार ट्रैक्टर-ट्राॅली पर लगे डीजे व हार्न की चपेट में आ गया। इससे ट्रैक्टर चालक समेत तीन कांवरिये करंट की चपेट में आ गए । इनमें से एक की हालत नाजुक होने पर सीएचसी ले जाया गया। यहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अकबरपुर गांव निवासी ट्रैक्टर चालक नारायण (25) रविवार की शाम को ट्राॅली में डीजे व हार्न बांधकर गांव के 20 कांवरियों के साथ मेहंदी घाट गंगा जल लेने जा रहा था। ट्रॉली पर गांव निवासी अमित (22) व किशन (20) बैठे थे। इसके अलावा अन्य कांवरिये पैदल चल रहे थे। गांव से कुछ दूरी पर निकली एचटी लाइन का तार ट्रॉली पर पर रखे हार्न की चपेट में आ गया। इससे चालक नारायण, अमित व किशन बिजली के करंट की चपेट में आ गए। अमित की हालत अधिक नाजुक होने पर मल्लावां सीएचसी लाया गया। यहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाल शेषनाथ सिंह ने बताया अभी परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है।