भरावन। जंगली शिव मंदिर और सिद्धेश्वर बाबा मंदिर पर भगवान भोलेनाथ पर श्रद्धा-विश्वास के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं को गड्ढों और गंदगी से होकर जाना होगा। मार्गों के गड्ढे कांवड़ियों का दर्द बढ़ाने का काम करेंगे।
सावन माह भगवान भोलेनाथ को समर्पित है और इस माह में श्रद्धालु जलाभिषेक, गंगाजल की कांवड़ लाकर अर्पित करते हैं। क्षेत्र के जंगली शिव तीर्थ मंदिर अतरौली की करीब 600 मीटर सड़क पर गहरे गड्ढे हो गए हैं। बारिश में जलभराव हो जाता है। सड़क जगह-जगह से उखड़ गई। कांवड़ियों को इसी मार्ग से गुजरना पड़ेगा। अतरौली बाजार के दिन अतरौली-भटपुर मार्ग पर पुलिस का बैरियर लगने और भारी वाहनों के जंगली शिव मार्ग के बाईपास होकर गुजरने से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। मंदिर के पुजारी कमलेश गोस्वामी ने बताया कि सावन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं।
सिद्धनाथ बाबा लालपुर खाले जाने वाले मार्ग पर एक किलोमीटर मार्ग पर गड्ढे हो गए हैं। इनमें जलभराव होता है। जाजूपुर गांव के अंदर करीब 10 साल पहले आरसीसी सड़क व नाली बनी थी। नाली टूट जाने से गांव का पानी सड़क पर भर जाता है। इससे सड़क उखड़ गई है। श्रद्धालुओं को गांव के अंदर एक किलोमीटर का रास्ता तय करने में काफी समय लगेगा। यहां पर सोमवार व शुक्रवार को भंडारा भी होता है। बाणेश्वर महादेव सोनिकपुर पर भक्तों के लिए रास्ता आसान है। गोड़वा से बाणेश्वर महादेव तक सड़क ठीक है।