बेनीगंज। विकास खंड कोथावां के ग्राम बेरुआ के मजरा सज्जन नगर में गुरुवार को महाशत चंडी यज्ञ एवं विराट संत सम्मेलन का शुभारंभ हो गया। प्राचीन ग्यालह देवी मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई।
यात्रा में 108 कन्याओं ने भाग लिया। गांव स्थित बेतवा ताल से जल भरकर यात्रा ने गाजे बाजे के साथ ग्राम खतीरपुर, अहिरावां व बेरुआ में भ्रमण किया। इसके बाद यात्रा कार्यक्रम स्थल पहुंची, जहां हवन पूजन के साथ कलश को यज्ञ मंडप में स्थापित कराया गया।
आचार्य गणेश शास्त्री व राजन त्रिवेदी ने बताया कि शुक्रवार को मंडप प्रवेश व शनिवार अरणी मंथन एवं हवन होगा। रविवार, सोमवार व मंगलवार को क्रमश: यज्ञ, हवन व दैनिक पूजन का आयोजन किया जाएगा। बुधवार को पूर्णाहुति दी जाएगी व विशाल भंडारा आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर गया प्रसाद, सत्यप्रकाश, रूबी, सुनीता, वंदना व ओम चौरसिया आदि मौजूद रहे।