गोपामऊ। नगर के एक युवक ने आईजीआरएस पर कन्नौजी पूर्वी मोहल्ले में अवैध तरीके से शराब बनाने की शिकायत की। मंगलवार को पुलिस व आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने शिकायत में बताए गए स्थान पर छापा मारा तो वहां ऐसा कुछ भी नहीं मिला। पुलिस ने शिकायतकर्ता को बुलवाया तो वह घर से भाग गया। वहीं शिकायतकर्ता के चाचा ने टडियावा थाने में भतीजे पर झूठी शिकायत करने का आरोप लगाकर तहरीर दी है।
कस्बा के मोहल्ला कन्नौजी पूर्वी निवासी ओमकार पुत्र राधे द्वारा मोहल्ले में शराब बनाए जाने को लेकर आईजीआरएस पर शिकायत की थी। मामला संज्ञान में आने पर मंगलवार को आबकारी निरीक्षक रामअवध सरोज व चौकी इंचार्ज संजय सिंह ने पुलिस टीम के साथ शिकायत में बताई गई जगह पर दबिश दी। जांच में शिकायत झूठी पाई गई। आबकारी निरीक्षक व पुलिस टीम ने शिकायत के बारे में पूछताछ करने के लिए शिकायतकर्ता को बुलाया तो वह घर से भाग गया। आबकारी निरीक्षक ने बताया कि युवक द्वारा पहले भी झूठी शिकायत किए जाने की बात सामने आई है।
चौकी प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता ओमकार के चाचा कमलेश टडिय़ावां थाने में चौकीदार हैं। कमलेश ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उसके भतीजे के द्वारा झूठी शिकायत की गई है। बार-बार मना करने के बाद भी भतीजा नहीं मान रहा है। चौकी इंचार्ज संजय सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है जांच कर कार्रवाई की जाएगी।