हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र के ओमनगर में एक युवक रविवार दोपहर तालाब में डूब गया। गोताखोरों ने शाम लगभग साढ़े पांच बजे उसका शव तालाब से बरामद कर लिया। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
महोलिया शिवपार के मजरा ओमनगर निवासी धर्मेंद्र (32) कबाड़ बीनने का काम करता था। ओमनगर और महोलिया शिवपार के बीच एक तालाब है। धर्मेंद्र की बहन पुष्पा के मुताबिक वह रविवार सुबह कबाड़ बीनने निकला था। दोपहर में लगभग 12:30 बजे तालाब के पास कबाड़ बीन रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और पानी में डूब गया।
घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने ग्राम प्रधान प्रदीप गुप्ता व पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्राम प्रधान की मदद से गोताखोर मौके पर बुलवाए। शाम को 5:30 बजे धर्मेंद्र का शव बरामद हुआ। मृतक तीन भाई बहनों में सबसे बड़ा और अविवाहित था। कोतवाल विनोद यादव का कहना है कि धर्मेंद्र शराब पीने का आदी था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाए हैं।