महावीर जी झंडा मेला के दौरान बुधवार की रात
गल्लामंडी देवी मां की चौकी सजाई गई। इस मौके पर शाहजहांपुर से आए म्यूजिकल
ग्रुप के कलाकारों ने माता के भजन सुनाकर श्रद्धालुओं को भाव विभोर कर
दिया। देर रात तक चले इस जागरण में भारी संख्या में देवी भक्त मौजूद रहे।
माता
की चौकी पर मां दुर्गा, काली मां, हनुमानजी, गणेश, भगवान शंकर-पार्वती व
भगवान कृष्ण की मूर्तियों को स्थापित कर महावीर मेला कमेटी के अध्यक्ष
शैलेश अग्निहोत्री व उनकी पत्नी मीनाक्षी ने मूर्तियों का पूजन कर फूल
चढ़ाए। पूजन का कार्य आचार्य मुकुट बिहारी शास्त्री ने संपन्न कराया।
देवी
जागरण का शुभारंभ आदित्य शुक्ला ने गणेश वंदना व मां सरस्वती की वंदना की।
उसके बाद प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी, भक्तों की लगी है कतार भवानी गीत
ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। उसके बाद रंग दे रंग दे रंग दे मां,
अगर तुम्हारा पूर्णागिरी दरबार नहीं होता तो बेड़ा गरीबाें का कभी पार ही न
होता, दीवाने है तेरे नाम के आदि माता के भजन पेश कर कलाकारों ने भक्तों
का मन मोह लिया।
इस दौरान राधा कृष्ण के स्वरूपों ने रासलीला का मंचन किया।
गायक कुमार धर्मेंद्र ने कई भजनों को पेश किया। इसके बाद मां काली व शंकर
की सुंदर झांकियों को भी पेश किया गया। उसके बाद आरती व प्रसाद का वितरण
हुआ। इस मौके पर रमाकांत द्विवेदी, उदय चौरसिया, दुर्गेश सोनी, महावीर
राठौर, मनोज अस्थाना आदि मौजूद थे।