मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बेरिया नजीरपुर में 28 जून को हुई महिला की हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। महिला के जेठ ने पुत्र के साथ मिलकर हत्या की थी। हत्यारोपी मृतका के हिस्से की कृषि योग्य भूमि हड़पना चाहते थे। पुलिस ने जेठ को जेल भेज दिया है। उसका पुत्र फरार है।
बेरिया नजीरपुर निवासी सुमन देवी (40) पत्नी स्व. चंद्रप्रकाश का शव उसके घर के बाहर चारपाई पर पड़ा मिला था। मुंह बांधने के बाद गला दबाकर हत्या की गई थी। मृतका के कोई संतान नहीं थी। गुरुवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। प्रभारी निरीक्षक आरपी सिंह ने बताया कि चंद्रप्रकाश ने 14 वर्ष पूर्व बिहार में रहने वाली सुमन से शादी की थी। शादी के बाद बच्चे नहीं हुए। दो मार्च को चंद्रप्रकाश की मौत हो गई थी। 10 मार्च को चंद्रप्रकाश के पिता की मौत भी हो गई।
चंद्रप्रकाश के नाम नौ बीघा कृषि योग्य भूमि थी। इस भूमि को अपने नाम कराने के लिए सुमन भागदौड़ कर रही थी। सुमन के जेठ रामेंद्र ने अपने पुत्र नन्हें के साथ इस जमीन को हड़पने की योजना बनाई थी। नन्हें दिल्ली में काम करता था। हत्या करने के लिए 27 जून को घर आया था। रात में पिता पुत्रों ने गला दबाकर सुमन की हत्या कर दी। इसके बाद नन्हें दिल्ली चला गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि रामेंद्र को गुरुवार सुबह पौने आठ बजे राघवपुर चौराहा से गिरफ्तार किया गया। कड़ाई से पूछताछ में उसने सच बता दिया। रामेंद्र को जेल भेज दिया गया है। नन्हें की तलाश की जा रही है।