हरदोई। कटरी के बाशिंदों के लिए राहत भरी खबर है। शासन ने सवायजपुर विधानसभा क्षेत्र के चौंसार में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। लगभग दस करोड़ रुपये की लागत से 30 बेड का अस्पताल बनाया जाएगा। निर्माण कार्य कराने के लिए शासन ने उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड (यूपीआरएनएसएस) को कार्यदायी संस्था भी नामित किया है।
सवाजयपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कटरी के इलाके में अभी तक स्वास्थ्य सेवाएं बहुत अच्छी नहीं हैं। गंगा सहित अन्य नदियों के किनारे बसे गांवों में रहने वाले ग्रामीणों को बीमार होने पर उपचार कराने के लिए या तो कन्नौज और फर्रुखाबाद जाना होता है, या फिर हरपालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का रुख करना होता है।
इस इलाके के कुछ लोग उपचार के लिए सांडी के आदमपुर के निकट बने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भी जाते हैं। अरवल व इसके आसपास के लगभग पचास गांवों के लोगों को लंबे समय से स्थानीय स्तर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की जरूरत थी। शासन ने बीते दिनों पांच नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
इनमें आजमगढ़ के बड़सरा खालसा, बहराइच के सेमरा, बिजनौर के बढ़ापुर, मुजफ्फरनगर के रोहाना और हरदोई जनपद के चौंसार में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोले जाने की मंजूरी दिया जाना शामिल है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण चौंसार में होने से लगभग पचास गांवों के दो लाख लोगों को लाभ मिलेगा। सीएमओ डॉ. एसएम त्रिपाठी ने बताया कि शासन स्तर से इस कार्य को मंजूरी मिली है। शासन से ही कार्यदायी संस्था भी नामित की गई है।
चौंसार में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने का प्रस्ताव शासन में देने वाले क्षेत्रीय विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू ने बताया कि सीएचसी के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने से लोगों को राहत मिलेगी। जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराकर, इन्हें पूरा कराना प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार भी जताया।