जिले में राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के तहत चलाई जा रही जननी सुरक्षा योजना की खराब प्रगति पर अपर स्वास्थ्य चिकित्सा निदेशक ने पांच चिकित्साधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए है। इससे विभाग में हड़कंप मच गया।
अपर स्वास्थ्य चिकित्सा निदेशक परिवार कल्याण मिथिलेश चतुर्वेदी ने शुक्रवार को जिले को भ्रमण किया। उन्होंने सीएमओ के कक्षा में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की योजनाओें की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान जननी सुरक्षा योजना की पांच ब्लाकों में खराब प्रगति मिली। जिस पर उन्होंने पांचों चिकित्साधिकारियों के वेतन रोकने के निर्देश दिए है।
उन्होंने कहा कि कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उसके बाद उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र बावन का निरीक्षण किया। जहां पर भारी गंदगी मिली। इसके अलावा वहां के फार्मेसिस्ट अभिलेख उपलब्ध नहीं करा सके। जिस पर उनको लखनऊ तलब किया है। उनके निरीक्षण से विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मचा रहा। इस मौके पर सीएमओ डा. आरपीरावत सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।