मल्लावां। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बृहस्पतिवार की रात को नगर के एक गेस्ट हाउस में द विश्वास फाउंडेशन की तरफ से सैनिकों का सम्मान किया गया। साथ ही जश्न ए आजादी के मौके पर कवि सम्मेलन भी आयोजित किया गया। इसमें कवियों ने अपनी रचनाओं को पढ़कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
द विश्वास फाउंडेशन की तरफ से जश्न ए आजादी के मौके पर आयोजित सैनिक सम्मान समारोह में पूर्व सैनिकों और उनके परिजन को सम्मानित किया गया। उन्हें अंगवस्त्र भेंट किए गए। सम्मान समारोह के साथ आयोजित कवि सम्मेलन में कवियों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। कवि सम्मलेन में सलमान जफर ने पढ़ा कि सलाम करती है दुनिया जिसे अकीदत से...उसी अजीम कफन के लिए मरा जाए। किसी हसीन पे मरने से यार बेहतर है....कि सरहदों पे वतन के लिए मरा जाए।
कवि सत्यधार ने सुनाया कि अब आइने में चेहरा कौन देखे.....जवानी में बुढ़ापा कौन देखे। मेरा मक्सद तो केवल खुदकुशी का था....मुझे किसने उतारा कौन देखे। पवन प्रगीत ने सुनाया कि चांद तारों को याद करता हूं.....तेज धारों को याद करता हूं। जब भी तन्हाइयों में होता हूं, अपने यारों को याद करता हूं। कवि आदर्श सिंह निखिल, अंकित काव्यांश और श्याम त्रिवेदी पंकज ने भी काव्य पाठ किया। काव्य पाठ सुनकर श्रोता मंत्रमुग्ध हो गए। इस दौरान संस्थान के पदाधिकारी मौजूद रहे।