हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने पुलिस को चुनौती देते हुए पुलिस लाइंस के सामने एक इंश्योरेंस कंपनी का ताला तोड़ कर चोरी का प्रयास किया। मगर उनके हाथ कुछ नहीं लगा। चोरों की तोड़फोड़ से कंपनी को हजारों रुपये को नुकसान हुआ। चौकी प्रभारी ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की।
शहर कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइंस निवासी प्रमोद अग्रवाल के आवास में नेशनल इंश्योरेंश कंपनी का कार्यालय है। शुक्रवार को कंपनी के लोग आफिस बंद कर घर चले गए। रात में चोर कंपनी के मुख्य गेट का ताला तोड़कर घुस आए और कार्यालय में रखी सभी सेफ आदि को तोड़ कर उसमें नकदी खोजते रहे।
मगर उनको कुछ नहीं मिला। इस पर वह कार्यालय में तोड़ फोड़ कर चले गए। शनिवार की सुबह जब सफाई कर्मी सुरेश कार्यालय खोलने पहुंचा तो वहां की हालत देख कर प्रबंधक प्रवीण कुमार गुप्ता को घटना की जानकारी दी। इस पर वह कार्यालय पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।
घटना की जानकारी होने पर रेलवे गंज चौकी प्रभारी अरुणेश गुप्ता मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल की। प्रबंधक प्रवीण कुमार ने बताया कि चोर कुछ भी ले जा नहीं सके। मगर उनके अलमारी आदि में तोड़ फोड़ करने के कारण हजारों को नुकसान हुआ है। मुख्य सड़क पर हुई इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। शहर में विगत तीन चार दिनों से लगातार चोरियों हो रही हैं। इस संबंध में चौकी प्रभारी अरुणेश गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।