संवाद न्यूज एजेंसी
सांडी। शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत हरदोई-सांडी मार्ग पर ककेड़ी तिराहा के पास तेज रफ्तार बस ने सड़क किनारे खड़े मासूम को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल मासूम को जिला अस्पताल लाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बस रोक ली और चालक को पकड़कर पीट दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बस और चालक को पकड़ लिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के सुरजीपुर निवासी दिवाकर का पुत्र वरुण (8) गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा दो का छात्र था। मंगलवार शाम लगभग चार बजे वरुण अपनी दादी के साथ ककेड़ी बाजार गया था। हरदोई-सांडी मार्ग पर लगने वाले ककेड़ी बाजार में दादी सब्जी खरीदने लगी। इसी दौरान वरुण सड़क के किनारे खड़ा था।
हरदोई की तरफ से आई तेज रफ्तार बस ने वरुण को टक्कर मार दी। घटना से मौके पर अफरा तफरी मच गई। घायल वरुण को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृ़त घोषित कर दिया। मौके पर लोगों ने बस चालक और बस को रोक लिया। शहर कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि बस और चालक पुलिस के कब्जे में है। तहरीर मिलते ही रिपेार्ट दर्ज कर ली जाएगी।