कोहरे की चादर के चलते गुरुवार को भी सूर्य देवता के
दर्शन न होने से लोग ठंड से सिहर उठे। सर्दी के चलते आम जनजीवन प्रभावित
हुआ, वहीं पशु-पक्षी भी परेशान दिखे। कड़ाके की सर्दी होने के बावजूद
अधिकांश जगह अलाव ठंडे दिखे। फिलहाल डीएम रमेश मिश्र ने कक्षा 8 तक के
स्कूलाें का अवकाश दो दिन और बढ़ा दिया। बताया कि अब स्कूल 19 को अपने समय
पर खुलेंगे। आज का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री और अधिकतम 14 डिग्री सेल्सियस
रहा।
सर्दी के तेवर दिनों दिन तीखे होते जा रहे है। बीती रात सर्द
हवाओं के बीच हल्की बूंदाबांदी हुई। मध्य रात्रि से कोहरे ने समूचे जिले को
चपेट में ले लिया। कोहरा व बादल के चलते सारे दिन सूर्य देवता के दर्शन
नहीं हुए, जिससे शाम को गलन और बढ़ गई। नगर क्षेत्र में जहां अलाव धीमी गति
से जल रहे थे, अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों में अलाव बुझे दिखे। सर्दी के
चलते चाय की दुकानों पर भी खासी भीड़ देखने को मिली।
इधर, शीत लहर के कारण
डीएम रमेश मिश्र ने जनपद के सभी कक्षा एक से आठ तक विद्यालयों में दो दिन
का अवकाश बढ़ा दिया है। 18 को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण अब विद्यालय 19
जनवरी को खुलेंगे। इस संबंध में शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी किया है।
उधर,
संडीला क्षेत्र में मकर संक्रांति के अवसर पर तो और भी तेज क ोहरे का धुंध
छाया रहा, जिससे दस मीटर की दूरी पर भी रास्ता साफ नहीं दिख रहा था।
संक्रांति पर लोगों को ठिठुरते हुए स्न्नान, दान व मंदिरों में जल चढ़ाते
हुए देखा गया। उधर, सर्दी का असर रोडवेज व ट्रेनों पर भी देखने को मिल रहा
है। परिवहन विभाग की अलग अलग रूटों पर जाने वाली बसों में करीब 25 फीसदी
गिरावट आई है।
दिल्ली रूट पर चलने वाली बसों में भी संख्या कम होने से
परिचालक परेशान है। इधर, करीब 15 ट्रेनें निरस्त होने के बाद अन्य ट्रेनों
के भी आवागमन में सुधार हो रहा। गुरुवार को अधिकांश ट्रेनें पांच से छह
घंटे विलंब से आई।