शिक्षण के अतिरिक्त टीचरों से अन्य गैर शैक्षणिक
कार्य लेने पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले बिफरे
पदाधिकारियों व टीचरों ने शैक्षणिक कार्यों का बहिष्कार करते हुए सोमवार को
कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया और डीएम को ज्ञापन सौंपकर उस पर अमल कराने की
मांग की।
इस दौरान अध्यक्ष शिवशंकर पांडे ने कहा कि शिक्षा के अधिकार
एक्ट 09 में स्पष्ट उल्लेख है कि टीचरों के दस वर्षीय जनगणना, दैवीय आपदा
से संबंधित राहत कार्य और निर्वाचन ड्यूटी के अतिरिक्त अन्य किसी गैर
शैक्षणिक कार्य में नहीं लगाया जाएगा।
कहा कि मुख्य सचिव द्वारा उक्त
अधिनियम के अनुपालन में तीन सितंबर 2012 को पत्र निर्गत कर टीचरों को गैर
शैक्षणिक कार्यों में लगाने पर रोक लगा दी है, पर फिर भी टीचरों को निरंतर
गैर शैक्षणिक कार्यों में लगाया जा रहा है, जो उनके आदेशों का खुला उल्लंघन
है।
जिलाध्यक्ष पांडे ने कहा कि शिक्षण कार्य बंद हैं, फिर भी अध्ययनरत
छात्रों को एमडीएम उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, जो अमानवीय व
शासनादेश के विपरीत है। इस दौरान पदाधिकारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया और
डीएम रमेश मिश्र को ज्ञापन सौंपा, जिसमें टीचरों को गैर शैक्षणिक कार्यों
से मुक्त कराने की मांग की गई।