हरदोई। सीएसएन डिग्री कॉलेज के मैदान में रविवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान 654 जोड़ों की शादी कराई गई। 27 जोड़ों का निकाह हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया। साथ ही कहा कि सरकार की कोशिश है कि हर चेहरे पर मुस्कान आए। आज मैदान में मौजूद लोगों के चेहरे पर वही मुस्कान दिख रही है, जिसके लिए सरकार प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह की तैयारी पिछले कई दिनों से चल रही थीं। रविवार को आयोजन स्थल पर भव्य सजावट की गई थी। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कहते हैं कि विकास सिर्फ सड़क और भवन से नहीं होता। हर चेहरे पर खुशी होनी चाहिए। यही खुशी आज यहां देखने को मिल रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने कहा कि समाज कल्याण विभाग की इस योजना के जरिए जरूरतमंदों को बड़ी मदद मिली है। उन्होंने भी नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर शुभकामनाएं दीं। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश तरक्की की राह पर है। कार्यक्रम में सीडीओ सान्या छाबड़ा, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी उमाकांत पटेल आदि मौजूद रहे।
बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद दिया गया उपहार
जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाकांत ने बताया कि बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही नवविवाहितों को उपहार दिया गया है। उन्होंने बताया कि नववधू के बैंक खाते में 60 हजार रुपये भेजे गए हैं। इसके अलावा 26 तरह के सामान भी नवदंपतियों को दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सुरसा विकास खंड के कुछ जोड़ाें की बायोमेट्रिक सत्यापन में समस्या आई थी। निदेशालय में जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार ने बात कर समस्या निस्तारित करा दी थी। इन सभी को उपहार दे दिए गए।
725 जोड़ाें का हुआ था चयन, आए 681
सामूहिक विवाह योजना के लिए 725 जोड़ाें का चयन किए जाने का दावा जिला समाज कल्याण अधिकारी ने किया था। कार्यक्रम में संबोधन के दौरान भी मंत्री से लेकर भाजपा नेताओं तक ने इसी संख्या का उल्लेख किया, लेकिन शाम को पता चला कि 681 जोड़ों का ही सामूहिक विवाह हुआ है। इसकी वजह पूछने पर सीडीओ सान्या छाबड़ा ने बताया कि शासन से तय लक्ष्य से ज्यादा जोड़ों को चिंहित किया जाता है। जो जोड़े नहीं आए, उनकी संख्या कम हो गई। बायोमेट्रिक सत्यापन में जो संख्या सामने आई है उसी की सूचना दी गई है।
फोटो-04- सामूहिक विवाह समारोह में पूजन करते वर वधू। संवाद
फोटो-04- सामूहिक विवाह समारोह में पूजन करते वर वधू। संवाद
फोटो-04- सामूहिक विवाह समारोह में पूजन करते वर वधू। संवाद