माधौगंज में मृतक राजेश की बहन व अन्य परिजन।
- फोटो : amarujala
माधौगंज (हरदोई)। थाने में हुई युवक की मौत के मामले में मुंशी सहित चार आरोपियों पर मुकदमा दर्ज करने के बाद दूसरे दिन मंगलवार को पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्ष व दीवान को भी सस्पेंड कर दिया। उधर कस्बे में दूसरे दिन भी कई थानों की फोर्स तैनात रही।
सहिजना निवासी राजेश(40) अपने बहनोई के पास चदौली ग्राम में रहता था। 19 फरवरी को उसके बहनोई व उनके सगे भाई उमाशंकर के साथ मामूली विवाद में मारपीट हो गई थी।
इस पर राजेश अपनी बहन के साथ थाने गया। आरोप है कि दीवान रामसेवक वर्मा ने राजेश को यह कहते हुए बैठा लिया की तुम पर दूसरे के पक्ष के साथ मारपीट का आरोप है।
बाद में परिजनों को पुलिस ने राजेश की मौत की सूचना दी। परिजनों ने पुलिस पर पीट-पीटकर राजेश को मार डालने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस अधीक्षक चंद्रप्रकाश व एएसपी बीसी दुबे मौके पर पहुंचे थे और दीवान सहित दूसरे पक्ष के चारों व्यक्तियों पर हत्या का मामला दर्ज कराया था।
पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को दीवान रामसेवक वर्मा व थानाध्यक्ष रामनरेश यादव को भी सस्पेंड कर दिया। थानाध्यक्ष का चार्ज जटाशंकर को दिया गया है।
राजेश का सोमवार को पोस्टमार्टम होने के बाद मंगलवार को पुलिस बचाव की मुद्रा में नजर आई। मंगलवार के दिन राजेश का अंतिम संस्कार किया गया। माधौगंज चौराहे पर कई थानों की फोर्स मुस्तैद रही। पुलिस सशंकित थी कि कहीं राजेश के परिजन रोड जाम या इसी प्रकार का कोई प्रदर्शन न शुरू कर दें।
राजेश की मौत के बाद व दीवान रामसेवक वर्मा पर मुकदमा दर्ज होने व उसके ठीक बाद दीवान व थानाध्यक्ष के सस्पेंड होने से विभाग में खलबली मच गई है। पुलिस अधीक्षक की इस कार्रवाई की जनता में प्रशंसा हो रही है। एएसपी बीसी दुबे ने बताया कि पोस्टमार्टम में फेफड़ों का असाध्य रोग और कार्डियो पल्मोनरी फेल्योर निकला है।