नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो दोस्तों ने युवती का दो साल तक शारीरिक शोषण किया। पीड़िता ने मंगलवार को एएसपी पूर्वी कुंवर ज्ञानंजय सिंह से मुलाकात कर आपबीती सुनाई। एएसपी ने महिला एसओ को जांच सौंपी है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती (20) दो वर्ष पूर्व नौकरी की तलाश में भटक रही थी। पीड़िता ने बताया कि इसी दौरान कछौना थाना क्षेत्र के गांव के रहने वाले दो युवकों से शहर में मुलाकात हुई।
पीड़िता का कहना है कि बातचीत में युवकों ने उसे झांसे में ले लिया। इसके बाद नौकरी लगवाने की बात कहकर उसका नंबर मांग लिया। दोनों उससेफोन पर बात करने लगे। इस बीच नौकरी दिलाने के बहाने उसे संडीला बुलाया।
उसे कार में बैठाकर लखनऊ ले गए। जहां ऑफिस में नौकरी लगवाने की बात कही। एक मकान में ले जाकर उसका शारीरिक शोषण किया।
नौकरी न लगने पर उसने एक युवक से शादी की बात कही तो मुकर गया। परेशान होकर पीड़िता ने मंगलवार को एएसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह को प्रार्थना पत्र दिया।
एएसपी ने युवती को महिला एसओ के सुपुर्द कर मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं। महिला एसओ हंसमती ने बताया कि युवकों के घर पर दबिश की गई थी। दोनों फरार हैं।