पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करतीं आइजी लक्ष्मी सिंह। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। लखनऊ जोन की आईजी लक्ष्मी सिंह ने शनिवार को पुलिस लाइन में बैठक की। इस दौरान थाना और कोतवाली के प्रभारियों को निर्देश दिए कि ब्रांडेड के नाम पर नकली और अवैध शराब बनाने वाले माफिया के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। गैंगस्टर के आरोपियों की संपत्ति कुर्क करने के निर्देश भी दिए।
लखनऊ जोन की आईजी बनने के बाद जनपद में दूसरी बार दौरे पर आईं लक्ष्मी सिंह के तेवर खासे सख्त दिखे। उन्होंने कहा कि बाइकर्स गैंग के विरुद्ध अभियान चलाएं। जन शिकायतों को गंभीरता से लेकर निस्तारण भी कराएं। अज्ञात शव मिलने की घटनाओं पर कहा कि ऐसे स्थानों को चिह्नित कर पिकेट बना विशेष निगरानी की जाए। धार्मिक स्थलों पर भीड़ एकत्र न होने देने के निर्देश भी आईजी ने दिए हैं। बैठक में एसपी अमित कुमार भी मौजूद रहे।
विशेष सतर्कता बरतें : एसपी
एसपी अमित कुमार ने शनिवार देर शाम शहर के सिनेमा चौराहे पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया। एसपी ने कहा कि पुलिसकर्मी और अधिक सतर्कता बरतें। शहरवासियों से अपील की कि इस बार कोरोना संकट को देखते हुए कांवड़ लेेकर न निकलें। गुरु पूर्णिमा के कार्यक्रमों पर भी भीड़ एकत्र न करें।