हरदोई। यूपीआई लेन-देन पर प्रस्तावित मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) व्यवस्था के विरोध में भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने शनिवार को शहर में जुलूस निकालकर विरोध-प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार को सौंपा।
प्रदर्शन में माधौगंज, बिलग्राम, शाहबाद, गोपामऊ, हरपालपुर, सांडी और पाली के सैकड़ों व्यापारी शामिल हुए। अटल चौक स्थित संगठन के कार्यालय से शुरू हुआ प्रदर्शन बड़ा चौराहा, सिनेमा चौराहा, अस्पताल रोड से होते हुए तिकुनिया पार्क पहुंचा। यहां नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि यूपीआई ने डिजिटल भुगतान को सरल और सुविधाजनक बनाया है लेकिन एमडीआर लागू होने से कम लाभांश पर कारोबार करने वाले छोटे और मध्यम व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
कपड़ा, किराना, दवा, हार्डवेयर, इलेक्ट्रॉनिक्स और होटल-रेस्टोरेंट जैसे कारोबार में दो हजार रुपये से अधिक का भुगतान सामान्य है। ऐसे में डिजिटल भुगतान की लागत बढ़ने से व्यापारियों को नकद लेन-देन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। संगठन ने एमडीआर व्यवस्था की समीक्षा कर इसे लागू न करने, छोटे व्यापारियों के लिए डिजिटल भुगतान प्रोत्साहन योजना शुरू करने और व्यापारी संगठनों, आरबीआई, एनपीसीआई, बैंकों व भुगतान सेवा प्रदाताओं के प्रतिनिधियों की स्थायी विचार-विमर्श व्यवस्था बनाने की मांग की।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष विमलेश दीक्षित, प्रदेश संगठन मंत्री अजय टंडन, युवा प्रदेश मंत्री विभू गुप्ता, महामंत्री राजन द्विवेदी, अशोक उपाध्याय, अवनीश त्रिवेदी, सुरेंद्र सिंह, रजनीश गुप्ता, भरत पांडेय, निरमा देवी मौजूद रहीं।