फोटो-3-कोहरे के दौरान कुछ यूं दिखा शहर के नघेटा रोड का दृश्य। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। सर्दी का सितम और बढ़ गया है। कोहरा पड़ने और बर्फीली हवाओं से बुधवार की रात और ठंडी हो गई। गुरुवार को दिन में भी गलन रही। मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि दो-तीन दिन सर्दी का प्रकोप और रहेगा।
पिछले काफी दिनों से हो रही सर्दी बुधवार की रात और बढ़ गई। पारा पांच डिग्री तक आ गया। गुरुवार सुबह को भी कोहरे व सर्द हवाओं से लोग कंपकंपाते रहे। दोपहर बाद भी सूर्य देवता के दर्शन नहीं हुए।
इस दौरान भी सर्द हवाएं थमी नहीं। इसके चलते लोग ठंड से ठिठुरते देखे गए। बर्फीली हवा के बीच बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक गर्म कपड़ों में लिपटे रहे। मौसम वैज्ञानिक रमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि अधिकतम तापमान 14 डिग्री और न्यूनतम पांच डिग्री रिकार्ड किया गया। शुक्रवार को भी इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गलन व कोहरे का प्रकोप इसी तरह जारी रहेगा।
सर्दी बढ़ने के साथ ही गुरुवार को शहर की सड़कों पर लगे गर्म कपड़ों के बाजारों में बिक्री बढ़ गई। गर्म कपड़ों की खरीद करने के लिए भीड़ दिन भर दुकानों पर लगी रही।
इसी तरह कमरों को गरम रखने वाले हीटर, ब्लोवर आदि की मांग बढ़ी दिखी। इसके अलावा शहर के प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह अलाव जलते दिखाई दिए।