हरदोई। सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम परौंची में रविवार शाम पत्नी का अंतिम संस्कार करने के बाद चिता की आग बुझ भी न पाई थी, कि सदमे में पति ने भी जहर खाकर जान दे दी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
ग्राम परौंची निवासी प्रदीप (28) पुत्र विजयपाल किसान था। शनिवार को घरेलू विवाद में उसकी पत्नी प्रीती (25) ने जहर खाकर जान दे दी थी। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों के मुताबिक प्रदीप देर शाम पत्नी का अंतिम संस्कार कर घर आया था। परिजन काम में व्यस्त थे। इसी दौरान प्रदीप ने कमरे में जहर खा लिया।
उसके काफी देर तक कमरे से न निकलने पर परिजनों ने उसे आवाज लगाई। कमरे में जाकर देखा तो उसका शव पड़ा था। परिजनों ने बताया कि पत्नी की मौत के सदमे में प्रदीप ने जहर खाकर जान दे दी। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सोमवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। एसओ रामलखन वर्मा ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।