सांडी। पिटाई से परेशान होकर मायके गई पत्नी को शुक्रवार को विदा कराने की जिद एक युवक ने ससुराल में की। ससुरालीजनों ने हरकतों का हवाला देते हुए विदा करने से इन्कार कर दिया। इससे नाराज पति इंदिरा पार्क स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया। पुलिस ने उसे नीचे उतारा। शांतिभंग की आशंका में उसका चालान किया गया।
शाहाबाद निवासी हरिओम उर्फ राजा की ससुराल सांडी नगर के मोहल्ला मुंशीगंज में है। ससुर मुकेश सैनी ने बताया कि चार साल पहले बेटी पायल की शादी हरिओम से की थी। दंपती का एक बेटा भी है। मुकेश ने बताया कि गलत संगत में पड़कर हरिओम नशे का आदी हो गया। आए दिन पायल की पिटाई कर मायके से रुपये लाने की जिद करता था। इस कारण पिछले दो माह से पायल अपने बेटे के साथ मायके में थी।
बृहस्पतिवार को हरिओम सांडी आ गया था। शुक्रवार को वह पत्नी को विदा कराने की जिद करने लगा। मना करने पर वह इंदिरा पार्क स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया। इसका पता चलते ही मौके पर भीड़ लग गई। पुलिस भी मौके पर पहुंची। कस्बा चौकी प्रभारी शुभम सिंह भी टंकी पर गए और समझा-बुझाकर हरिओम को उतार लिया। प्रभारी निरीक्षक समर बहादुर सिंह ने बताया कि आरोपी का चालान शांतिभंग की आशंका में किया गया है।