बघौली। हर जरूरतमंद को एक अदद छत दिलाने की कवायद भले ही सरकार कर रही हो, लेकिन बघौली थाना क्षेत्र के रोहापार मजरा गौराडांडा में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत लिंटर तक बने आवास पर कुछ लोगों ने जेसीबी चला दी। निर्माणाधीन आवास जमींदोज कर दिया। घटना की जानकारी पर पुलिस के साथ ही राजस्व विभाग ने भी जांच शुरू कर दी है।
रोहापार निवासी सूरज सिंह ने बताया कि उसे प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पिता के नाम से आवास मिला है। आवास का निर्माण लिंटर तक हो चुका था। बुधवार की देर रात गांव के ही कुछ लोगों ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर जेसीबी से निर्माणाधीन आवास को जमींदोज कर दिया। थानाध्यक्ष बघौली ज्ञानेश दुबे ने बताया कि जेसीबी से आवास गिराया गया है। घटना की जांच की जा रही है। राजस्व विभाग के अधिकारियों ने भी जांच की है। रिपोर्ट मिलते ही घटना को अंजाम देने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)