हरपालपुर (हरदोई)। थाना क्षेत्र में पलिया-चौसार मार्ग पर सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को टक्कर मारने के बाद पिकअप पलट गई। घटना में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिकअप पर सवार एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। पिकअप सवार एक अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद अपने घर फर्रुखाबाद जा रहे थे।
अरवल थाना क्षेत्र के जीवनपुरवा निवासी रामनरेश (65) भेड़ पालन करते थे। बाढ़ का पानी जीवनपुरवा में आ गया है। इसके कारण रामनरेश अपनी भेड़ें लेकर सुरक्षित स्थान की तरफ जा रहा था। देर शाम पलिया-चौसार मार्ग पर सड़क पार करते समय तेज रफ्तार पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। इसके बाद पिकअप पलट गई। रामनरेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिकअप पर सवार फर्रुखाबाद जनपद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रूदौली गांव निवासी रामशंकर (57), राजेंद्र (45 )और पुष्पा (45) पत्नी शिवराम घायल हो गईं। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर में भर्ती कराया गया है। पिकअप सवार लोग सिमरिया में एक अंत्येष्टि में शामिल होने के बाद घर वापस जा रहे थे। रामनरेश के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।