बिलग्राम (हरदोई)। कोतवाली क्षेत्र में धान बेच कर घर वापस जा रहे कानपुर के किसान व उसके साथी को बंधक बनाकर बदमाश डेढ़ लाख रुपये और ट्रैक्टर ट्राली लूट ले गए। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
कानपुर देहात के थाना रसूलाबाद के ग्राम नीभू निवासी सुरजीत सिंह सेंगर गांव निवासी आदेश के साथ बुधवार को ट्रैक्टर ट्राली पर 130 बोरा धान लाद कर नवीन मंडी स्थल आए थे। जहां पर एक आढ़त पर धान बेचने के बाद वह गुरुवार की सुबह धान की बिक्री की मिली धनराशि एक लाख 35 हजार रुपए लेकर वापस घर जा रहे थे।
बिलग्राम-हरदोई मार्ग पर वह कस्बा बिलग्राम से तीन किमी दूर थे। तभी एक बोलेरो ने आकर उनके ट्रैक्टर को रोक लिया। उसमें से चार पांच लोग उतरे और उन दोनों को घेर लिया और बोलेरो में डाल कर चल दिए। उन लोगों ने उसके पास से रुपए छीन लिए और उनको ले जाकर कन्नौज मार्ग पर सात किमी दूर छोड़ दिया।
जब वह किसी तरह वापस उसी स्थान पर पहुंचे तो उनका ट्रैक्टर ट्राली गायब था। उन्होंने आसपास पता किया, मगर उसकी कोई जानकारी नहीं हुई। इस पर उन्होंने कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाल अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। ट्रैक्टर व बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस फोर्स के साथ क्र्राइम ब्रंाच को भी लगाया गया है।