गृहमंत्री अमित शाह से दिल्ली में मुलाकात करते एटा सांसद राजवीर सिंह।
- फोटो : Samvad
अतरौली। सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री व राजस्थान के राज्यपाल रहे स्व. कल्याण सिंह की पुण्यतिथि महानगर के नुमाइश मैदान में 21 अगस्त को हिंदू गौरव दिवस के रूप में मनाई जाएगी। इसमें देश के गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा के कई बड़े दिग्गज नेताओं के शामिल होने की संभावना है। इसके लिए एटा सांसद ने गृहमंत्री को आमंत्रित किया है।
एटा सांसद राजवीर सिंह ने दिल्ली में देश के गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की और कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि बाबूजी कल्याण सिंह युग पुरुष थे। वह सभी जाति व धर्म के लोगों को साथ लेकर चलते थे, इसीलिए लोग आज भी उन्हें आदर्श मानते हुए पूजते हैं। गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात बेहद सुखद रही और वह अलीगढ़ के नुमाइश मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि गृहमंत्री, मुख्यमंत्री के अलावा डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व बृजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह व भाजपा, विश्व हिंदू परिषद और आरएसएस से जुड़े कई बड़े नेता कार्यक्रम में हिस्सा लेकर रामभक्त स्व. कल्याण सिंह (बाबूजी) को श्रद्धांजलि देंगे।