मल्लावां। कोतवाली क्षेत्र के सरांय गौरी गांव निवासी मजदूर उन्नाव के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को मजदूरी करने गए थे। ट्रक पर आलू लादते समय ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर एक मजदूर की मौत हो गई और दूसरा झुलस गया। हालत गंभीर होने पर उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के सरांय गौरी निवासी लड्डन (38) सोमवार को उन्नाव के बांगरमऊ थाना के सुल्तानपुर गांव मजदूरी करने गया था। उसके साथ में गांव निवासी अनवार (27) भी गया था। यहां पर कोतवाली क्षेत्र के अकबरपुर गांव निवासी सुरेंद्र कटियार का खेत है। जिसमें खोदी गई आलू की फसल उन्होंने व्यापारी के हाथ बेच दी थी।
व्यापारी ट्रक लेकर आलू की फसल लादने आया था। चालक ने ट्रक खेत के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन के नीचे खड़ा किया था। लड्डन और अनवर आलू के बोरे ट्रक पर लाद रहे थे। इसी दौरान दोनों हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। सूचना पर गंज मुरादाबाद पुलिस चौकी के प्रभारी हसीब अहमद मौके पर पहुंचे। दोनों को एंबुलेंस से बांगरमऊ सीएचसी में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने लड्डन को मृत घोषित कर दिया। जबकि अनवार की हालत गंभीर होने पर लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।