बेनीगंज। कोतवाली क्षेत्र के कुइयां गांव में हाइटेंशन लाइन का तार टूटकर मेड़ पर बंधे कंटीले तारों पर गिर गया। इस कारण कंटीले तारों पर करंट दौड़ गया। इस बीच उड़द की फसल काटने गई महिला ने तार हटाने की कोशिश की,तो उसे करंट लग गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने हरदोई सीतापुर रोड जाम करने की कोशिश की। एसडीएम और सीओ के आश्वासन पर ग्रामीण माने।
कुइयां निवासी श्रीपाल खेती करते हैं। उनके पास खुद का खेत नहीं है। गांव में ही मुकेश, गंगाराम के खेत बटाई पर लिए हैं। इन खेतों में मूंगफली और उड़द की खेती की है। श्रीपाल की पत्नी ज्ञानवती (48) रविवार सुबह खेत में उड़द की फसल काटने गई थीं। उनके पुत्र आकाश के मुताबिक गंगाराम वाले खेत के ऊपर से हाइटेंशन लाइन निकली है। इसका तार रात में किसी समय टूटकर खेत की मेड़ पर लगे कंटीले तारों पर गिर गया। इस कारण करंट दौड़ गया।
ज्ञानवती कंटीले तार हटाकर खेत में जा रही थीं। इसी दौरान उन्हें करंट लग गया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी पर एसडीएम सदर सुशील मिश्रा, सीओ हरियावां अजीत चौहान मौके पर पहुंच गए। दोनों अधिकारियों ने नियमानुसार मुआवजा आदि दिलाने का भरोसा दिलाया। बिजली विभाग के अभियंताओं को निर्देश दिए कि हाइटेंशन लाइन बदली जाए और जब तक लाइन नहीं बदल रही है तब तक यहां लाइन के ऊपर जाली लगा दें।
ग्रामीण बोले- हम रोज यहां से निकलते, तो एसडीएम भी खारजा में उतरकर निकले
गांव पहुंचे एसडीएम सदर एसके मिश्रा को ग्रामीणों ने बताया कि गांव के पास से ही खारजा निकला है। इस पर पुलिया नहीं है। पानी होने के कारण इससे ही निकलकर ग्रामीण खेतों तक जाते हैं। इस पर एसडीएम भी घुटनों तक भरे पानी में निकलकर गए। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जल्द से जल्द यहां पुलिया का निर्माण किसी न किसी विभाग से कराया जाएगा।
फोटो-13- ज्ञानवती। स्रोत: परिजन