तेज रफ्तार कार नाले में गिरी, एक की मौत चार घायल
- सीतापुर मार्ग पर टड़ियावां थाना क्षेत्र में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
टड़ियावां। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिना रेलिंग की पुलिया से नाले में गिर गई। हादसे में कार सवारों को ग्रामीणों ने बाहर निकाला और जिला अस्पताल भेजा। जहां से कार चालक को लखनऊ रेफर कर दिया गया। परिजन उसे लेकर लखनऊ जा रहे थे लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। वहीं एक मासूम की हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर किया गया है।
सीतापुर मार्ग पर खजुहा के पास तेज गति से आ रही कार अनियंत्रित होकर बिना रेलिंग की पुलिया से नाले में गिर गई। सीतापुर के मिश्रिख के ग्राम कन्नपुरा निवासी जीवा का मायका टड़ियावां के ग्राम जयराजपुर गुजरेहटा में है। जीवा के मुताबिक चचेरे भाई की शादी लखनऊ से तय हुई थी। रविवार शाम वह पति राजकमल, बेटे अथर्व, बहन गरिमा के साथ लड़की देखने लखनऊ जा रहे थे। कार उनका भतीजा शैलेंद्र चला रहा था। रास्ते में हरदोई-सीतापुर मार्ग पर ग्राम खजुहा के पास कार अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। कार गिरते देख मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने सभी को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलोें को जिला अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टर ने शैलेंद्र की हालत नाजुक होने पर लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ जाते समय शैलेंद्र की मौत हो गई। थाना प्रभारी नित्यानंद सिंह ने बताया कि कार अनियंत्रित होकर गिरने से हादसा हुआ है।