भरावन/बेनीगंज/टोडरपुर। प्राथमिक विद्यालय व सीएचसी में शुक्रवार को संचारी रोग से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान जागरूकता रैली निकाली गई। साथ ही लोगों ने संचारी रोग नियंत्रण की शपथ ली।
भरावन के प्राथमिक विद्यालय कनौरा आंट में प्रधानाध्यापक सतीश चंद्र चौरसिया ने विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं को संचारी रोग से बचाव के लिए जागरूक किया। शिक्षामित्र मेवालाल ने बताया कि घर या आसपास कोई बीमार है तो अविलंब अस्पताल में सूचना दें, जिससे पीड़ित को समय पर इलाज मिल सके।
बेनीगंज के सीएचसी कोथावां में प्रभारी विपुल वर्मा की अगुवाई में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। इस दौरान उन्होंने सफाई कर्मचारियों के अलावा आमजन को भी संचारी रोगों से बचाव के उपाय बताए। नोडल अधिकारी पूनम सरोज ने बताया कि सफाई कर्मियों की टीम द्वारा गांव गांव एंटी लार्वा दवा का छिड़काव भी कराया जाएगा। इस मौके पर मुकेश शुक्ला, डॉ. रजनीश, रवि गोपाल व सुरेश आदि मौजूद रहे।
टोडरपुर में परिषदीय विद्यालयों में शुक्रवार को विद्यालय स्टॉफ, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों व ग्रामीणों ने संचारी रोग नियंत्रण की रोकथाम के लिए शपथ ली। प्राथमिक विद्यालय भदेउना में इंचार्ज अध्यापक ओम प्रकाश वर्मा, प्राथमिक विद्यालय रायपुर में दुर्गेश मिश्रा, प्राथमिक विद्यालय बद्दापुर में मनोज पाल, प्राथमिक विद्यालय पोठवा में आशीष राजपूत ने सभी को शपथ दिलाई।