इमरजेंसी वार्ड में मोबाइल की टार्च जलाकर किया गया उजाला। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। जिला चिकित्सालय के आकस्मिक चिकित्सक कक्ष में शुक्रवार देर शाम बिजली गुल हो जाने के कारण मरीजों का वीगो और इंजेक्शन मोबाइल और टॉर्च की रोशनी में लगाए गए। काफी देर तक बिजली आपूर्ति शुरू न होने पर जिम्मेदारों में अफरातफरी मच गई। लगभग एक घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो पाई।
जिला चिकित्सालय के आकस्मिक चिकित्सा कक्ष में शुक्रवार शाम लगभग पौने सात बजे बिजली गुल हो गई। अस्पताल परिसर के अन्य वार्डों में बिजली आ रही थी, लेकिन आकस्मिक चिकित्सा कक्ष में बिजली गुल थी। इसी दौरान यहां भर्ती मरीजों का उपचार (इंजेक्शन लगाना और वीगो लगाना) मोबाइल में लगे टॉर्च की रोशनी के साथ ही टॉर्च की रोशनी में भी किया गया। जब काफी देर तक लाइट नहीं आई, तो जानकारी जुटाई गई। इस दौरान पता चला कि जिला चिकित्सालय के आकस्मिक चिकित्सा कक्ष में एमसीबी का पैनल ही फुंक गया है। इसके कारण यहां लगा इनवर्टर भी कार्य नहीं कर पाया। कुछ देर बाद फार्मासिस्ट विजय तिवारी मौके पर पहुंचे और मिस्त्री बुलवाकर व्यवस्था दुरुस्त कराई। लगभग एक घंटे तक आपूर्ति बाधित रही।