हरदोई। कोरोना की आशंकित तीसरी लहर में बचाव के लिए वैक्सीन की डिमांड दिन प्रतिदिन जिले में बढ़ती जा रही है। आलम यह है कि जरूरत के मुताबिक वैक्सीन नहीं मिल रही है। जरूरत 50 हजार डोज की है, लेकिन मिल छह हजार रही है। गुरुवार की रात करीब ढाई बजे जिले को प्राप्त हुई वैक्सीन शुक्रवार की दोपहर बाद खत्म हो गई।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन ने बताया कि लोग इस ओर जागरूक हुए हैं। वैक्सीनेशन की डिमांड बढ़ी है। गांवों में भी लोग अब जागरूक हुए हैं। उन्होंने बताया कि गुरुवार रात मैसेज आया कि जिले को वैक्सीन वितरित की गई है जिसके बाद गाड़ी भेजकर रात ढाई बजे वैक्सीन मंगाई गई। जिले को 6250 डोज वैक्सीन प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि यह वैक्सीन शुक्रवार को टीकाकरण के दौरान देर शाम तक खत्म हो गई। रात मेें यदि मैसेज आता है तो वैक्सीन मंगाई जाएगी और उसका वितरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को 45 केंद्रों पर टीकाकरण कराया गया। इसमें 6250 के टीके लगा दिए गए। 60 साल से ऊपर के 431 को प्रथम डोज, 60 साल के ऊपर 255 लोगों को दूसरी डोज लगवाई गई। 45 साल से ऊपर वाले 853 को प्रथम व 565 को द्वितीय डोज लगाई गई।