फोटो-31- गिरफ्तार मुख्य आरक्षी भाईलाल। स्रोत: पुलिस।
बांदा। भ्रष्टाचार के मुकदमे में खुद को दोषमुक्त दर्शाने के लिए न्यायालय का फर्जी आदेश तैयार कर पुलिस विभाग को गुमराह करने वाले मुख्य आरक्षी भाईलाल को नरैनी पुलिस ने प्रयागराज से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ नरैनी कोतवाली में दो एफआईआर दर्ज हैं और वह धोखाधड़ी के मामले में वांछित चल रहा था।
नरैनी कोतवाली इंस्पेक्टर संतोष कुमार ओझा ने बताया कि वर्ष 2005 में नरैनी क्षेत्र के जमवारा गांव निवासी सलीम के खिलाफ छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। उसे गिरफ्तार करने तत्कालीन आरक्षी भाईलाल और आरक्षी धर्मेंद्र यादव गए थे। पुलिस ने सलीम को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। जमानत पर रिहा होने के बाद सलीम ने भाईलाल के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराई थी।
मामले की जांच तत्कालीन सीओ ने की थी। साक्ष्यों के आधार पर आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया गया। भ्रष्टाचार का यह मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है और गवाही चल रही है। इसी बीच भाईलाल ने खुद को दोषमुक्त दिखाने के लिए न्यायालय का कूटरचित आदेश तैयार कर पुलिस विभाग को दे दिया। विभागीय जांच में आदेश फर्जी पाया गया। इस पर वर्ष 2025 में उसके खिलाफ नरैनी कोतवाली में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
इसके बाद से आरोपी फरार चल रहा था। नरैनी पुलिस ने उसे प्रयागराज के म्योर रोड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मिर्जापुर जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र के राजपुर आमघाट का निवासी है। गिरफ्तारी टीम में एसआई अजीत कुमार, सौरव गौतम आदि शामिल रहे।