हरदोई। जिले में चुनावी रंग को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती गाढ़ा करने आएंगी। तीनों ही नेताओं के कार्यक्रम लगभग तय हो गए हैं।
जिले की आठ सीटों पर तीसरे चरण में 19 फरवरी को मतदान होना है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चारों प्रमुख दलों के साथ निर्दलीय प्रचार में जुट गए हैं। बसपा के नसीमुद्दीन, सतीश मिश्रा, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति मिश्र, राज्यसभा सांसद शिव प्रताप शुक्ला और सपा के राष्ट्रीय महासचिव के कई सभाएं करने से चुनावी माहौल बनने लगा है।
चुनावी रंग को और धार देने के लिए प्रत्याशियों ने अपनी-अपनी पार्टी के बड़े नेताओं की सभाओं की मांग भेजी है। भाजपा ने नरेंद्र मोदी, सपा ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और बसपा ने मायावती की रैली की मांग की है।
इसमें तीनों ही नेताओं की सभाओं को उनकी पार्टियों की ओर से हरी झंडी मिल गई है। सबसे पहले बसपा सुप्रीमो मायावती की सभा होगी। माया 12 फरवरी को शहर के आईटीआई मैदान पर अपने प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने आएंगी।
मुख्यमंत्री अखिलेश की सभा 14 फरवरी को होनी है। अखिलेश जिले में तीन सभाएं कर सकते हैं। फिलहाल सभाओं के स्थल तय नहीं हुए हैं।
इसी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी कार्यक्रम ऊपर से फाइनल हो गया है। मोदी 13 या 16 फरवरी को आ सकते हैं। मोदी की रैली की फाइनल तारीख और स्थल का चयन होना अभी बाकी है।