फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hardoi News: पिटाई में घायल पत्नी को अस्पताल से ले जाकर जंगल में मार डाला

विज्ञापन
फोटो-54-कोमल। फाइल फोटो
विज्ञापन
हरदोई। बीते शुक्रवार की शाम शहर कोतवाली क्षेत्र के लालपालपुर में पति की पिटाई से घायल हुई महिला को 100 शैया संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। यहां पहुंचे पति ने बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में ले जाने का झांसा देकर मंगोलापुर के जंगलों में पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। शनिवार सुबह शव मिलने पर पहुंची पुलिस ने पूरे मामले की पड़ताल की। मृतका की बहन की शिकायत पर पति और देवर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। आरोपी पति को पुलिस ने हिरासत में लिया।
विज्ञापन

लखनऊ के नाका क्षेत्र के बिरहाना निवासी कोमल (36) की शादी 17 साल पहले देहात क्षेत्र के कनेहटा निवासी सत्यपाल यादव से हुई थी। सत्यपाल गांव में ही मिठाई बेचने का काम करता है। दोनों के चार बच्चे हैं। पुलिस का दावा है कि कुछ वर्ष पहले सत्यपाल की नजदीकियां बड़े भाई की साली शशी से हो गई थीं। इस पर वह शशी को अपने साथ ही घर पर रखने लगा था। इससे नाराज होकर काेमल अपने सबसे छोटे बच्चे को लेकर संडीला चली गई थीं। वहीं किराये पर कमरा लेकर एक प्लाईवुड फैक्टरी में काम करने लगी थीं। बच्चों से मिलने के लिए वह कनेहटा आती-जाती रहती थीं।
बृहस्पतिवार शाम वह अपने बड़े बेटे के बुलावे पर उसे कपड़े खरीदवाने के लिए लालपालपुर आई थीं। यहां चौराहे पर ही सत्यपाल ने कोमल की जमकर पिटाई कर दी थी। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने दोनों को अलग कर कोमल को 100 शैया संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती करा दिया था। देर रात वहां पहुंचे सत्यपाल ने अपने भाई सत्यप्रकाश के साथ मिलकर कोमल को बेहतर इलाज कराने का भरोसा देकर अपने साथ ले गया। इसके बाद शनिवार सुबह कोमल का शव मंगोलापुर में बबूल के जंगलों में पड़ा मिला।
विज्ञापन

गांव के चौकीदार की सूचना पर सीओ सिटी अजीत चौहान और देहात कोतवाल समर बहादुर मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने नमूने जुटाए। कुछ ही देर में शव की पहचान हो गई और अगले कुछ घंटों में ही पुलिस घटना की तह तक पहुंच गई। सीओ ने बताया कि मृतका की बहन की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। सत्यपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है।


चाकू भी मारी गई, मिले चोट के 14 निशान
पोस्टमार्टम रिपोर्ट बताती है कि कोमल के साथ पति और देवर ने अत्याचार करने में कसर नहीं छोड़ी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर डंडे की चोट के निशान मिले हैं। गले पर चाकू से वार किए जाने के भी तीन निशान हैं। इसके अलावा पूरे शरीर पर अलग-अलग जगहों पर चोट के 14 निशान मिले हैं। हत्या की वजह कपड़े से गला दबाना है। पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल से वीडियोग्राफी के बीच कराया गया।


पति ने पहले बरगलाया फिर सीसीटीवी और सीडीआर से खुल गई हकीकत
शव मिलने के बाद पुलिस ने मृतका की बहन से मिली जानकारी के आधार पर पति सत्यपाल से पूछताछ की। इस पर उसने कोई जानकारी होने से इन्कार कर दिया। साथ ही यह भी कहा कि बृहस्पतिवार रात वह 10 बजे घर में सो गया था। इस बीच पुलिस को उसके साथ सबसे छोटा बेटा नजर आया। यह बेटा मृतका के साथ रहता था। पुलिस ने पूछा कि बेटा साथ में कैसे आया तो वह सकपका गया। इसके बाद पुलिस ने अस्पताल के सीसीटीवी खंगाले और फिर लोकेशन निकाली। इस सबके बाद हकीकत सामने आ गई।


तीन सगे भाइयों के साथ हुई थी तीनों सगी बहनों की शादी
कोमल की हत्या की सूचना पर परिजन मोर्चरी पहुंचे। आरोपी के बड़े भाई राजेश ने बताया कि कोमल की सबसे बड़ी बहन ललिता उसकी पत्नी हैं। दूसरे नंबर की कोेमल की शादी सत्यपाल से हुई थी। कोमल की छोटी बहन खुशबू की शादी सत्यपाल के छोटे भाई सत्यप्रकाश से हुई है। पूरे मामले में अब कोमल की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें