जिला पंचायत अध्यक्ष कामिनी अग्रवाल की अध्यक्षता में
शनिवार को हुई बोर्ड की बैठक में वित्तीय वर्ष 15-16 के लिए अनुमानित आय
47.41 करोड़ के सापेक्ष व्यय करीब 45.43 करोड़ का बजट सदन में पेश किया गया
जिसे सर्व सहमति से पास किया। इस तरह से करीब दो करोड़ का लाभ परक बजट पास
हुआ।
बोर्ड की बैठक में जिला पंचायत की संपत्ति एवं विभवकर प्रस्तावना
सूची वर्ष 14-15 अंकन रुपये 1,46,72,800 व मनरेगा योजना अंतर्गत वर्ष
15-16 को लेबर बजट अंकन रुपये 14001.433 के साथ पिछड़ा क्षेत्र अनुदान निधि
वर्ष 15-16 की कार्ययोजना की स्वीकृत दी गई।
वर्ष 14-15 की अनुमानित आय
41.91 करोड़ के सापेक्ष व्यय करीब 40.15 करोड़ था। जिला पंचायत ठेकों की
नीलामी आय से काफी वृद्धि हुई है। जिला पंचायत सदस्यों ने अपने निर्वाचन
क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए नई कार्ययोजना के
लिए जिले के बहुमुखी विकास पर चर्चा की और सुझाव दिए।
बघौली चीनी मिल पर
गन्ना किसानों का बकाया भुगतान एवं फसली बीमा योजना का भुगतान बैंक द्वारा
सीधे बीमा कंपनी को करने का मुद्दा उठा। इस पर जिला पंचायत के पूर्व
अध्यक्ष/सदस्य मुकेश अग्रवाल ने संबंधित अफसरों को आवश्यक कार्रवाई करने के
निर्देश दिए।
उन्होंने सभी सदस्यों के सहयोग के प्रति आभार जताते हुए
विकास कार्यों के लिए सुझाव मांगे एवं सभी क्षेत्रों में विकास कार्यों का
सिलसिला जारी रहने की बात कही। जिला पंचायत अध्यक्ष कामिनी अग्रवाल ने सभी
अफसरों को विकास कार्यों को समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।
बैठक में
सीडीओ संदीप कौर, जिला पंचायत सदस्य कपिल गुप्ता, शरद सिंह, कुंवर सिंह,
सत्येंद्र सिंह, मोहनीश सिंह, सालिकराम, सत्य प्रकाश, राजीव सिंह, परशुराम,
अनुपम, नीतू गौतम, ब्लाक प्रमुख उदयवीर सिंह, राम किशोर गुप्ता आदि मौजूद
थे। संचालन अपर मुख्य अधिकारी एसके कुसुमवाल ने किया।