हरदोई। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने के बाद अमेरिकी स्पेस एजेंसी (नासा) द्वारा आयोजित अंतर्राष्टीय ऑनलाइन साइबर प्रतियोगिता में जिले के हुनरमंद के उत्कृष्ट प्रदर्शन की बदौलत भारत ने अमेरिका को शिकस्त दे दी। करीब चार माह से नासा के द्वारा पांच देशों के बच्चों को लेकर ऑनलाइन प्रतियोगिता कराई जा रही है।
बताया जाता है कि कई पड़ाव के बाद फाइनल 18 जून की रात 11 बजे से शुरू हुआ। फाइनल राउंड में भारत की ओर से 25 एवं अमेरिका की ओर से 25 प्रतिभागी शामिल हुए। निर्णायक मंडल की ओर से नौ न्यायाधीशों की एक संयुक्त बेंच मौजूद रही। बेंच ने विषयों से संबंधित एवं बौद्धिक क्षमता के लगातार प्रश्न पूछे। एक प्रश्र के जवाब दोनों देशों के प्रतिभागियों से लिए गए।
उत्तर से संतुष्ट होने पर अंक दिए गए। फाइनल राउंड में भारत के 13 और अमेरिका के 12 प्रतिभागियों को सफल बताया गया। 13 प्रतिभागियों में ज्यादातर जवाब जिले के हर्षराज ने ही दिए। 25 जून की रात परिणाम घोषित किए गए, जिसमें भारत को विजेता घोषित किया गया। जिले के सेंट जेवियर्स स्कूल के कक्षा 12 के छात्र हर्षराज हरिपाल के पुत्र हैं जो सीतापुर में अपर संख्याधिकारी के पद पर तैनात हैं। सूचना आने के बाद पिता और पुत्र को बधाई देने का क्रम शुरू हो गया जो शनिवार को भी जारी रहा।
छात्रा मैरी को दी शिकस्त
हर्षराज ने बताया कि उन्होंने बेंच के प्रश्रों के जवाब देकर अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी की छात्रा मैरी को हराया। उन्होंने बताया कि उनसे कई प्रश्न भौतिक, रसायन, गणित आदि विषयों से संबंधित पूछे गए। इसके अलावा कुछ ऐसे प्रश्न भी पूछे गए कि जैसे किसी देश को मजबूत कैसे किया जा सकता है। इस पर उन्होंने उसके सटीक जवाब दिए।