फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hardoi News: हरपालपुर-कढ़हर मार्ग बाढ़ के पानी से बहा, क्षेत्र का फर्रुखाबाद से संपर्क कटा

विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन


हरदोई। पहाड़ों पर हो रही बारिश और बैराजों से छोड़े जाने वाले पानी ने यहां अब संपत्तियों को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया है। हरपालपुर क्षेत्र में बाढ़ के पानी से अर्जुनपुर-कढ़हर जाने वाली डामरीकृत सड़क करीब 50 मीटर लंबाई में बह गई है। इससे क्षेत्र के गांवों के लोगों का फर्रुखाबाद से संपर्क कट गया है। हरपालपुर-श्रीमऊ मार्ग पर चौसार के पास गंभीरी नदी के पुल का एप्रोच मार्ग धंस गया है। बैराजों के पानी से गंगा, रामगंगा और गर्रा नदी में आई बाढ़ से कटरी-कटियारी क्षेत्र के 100 से अधिक गांव प्रभावित हो गए हैं।
बैराजों के पानी ने यहां पर तबाही ला दी है। गंगा व रामगंगा नदी में आई बाढ़ से कटियारी क्षेत्र के 100 गांव पानी से घिरे हुए हैं। दोनों नदियों के मध्य बसे दो दर्जन से अधिक गांवो की हालत दयनीय है। तहसील प्रशासन की ओर से बाढ़ पीड़ितों को वितरित की जाने वाली मदद न काफी साबित हो रही है। आवागमन के लिए नावों की कमी भी बाढ़ प्रभावितों की समस्या को बढ़ा रही है।
विज्ञापन

क्षेत्र की कई सड़कों के ऊपर बाढ़ का पानी बहने से मार्ग कट गए हैं इससे एक गांव का दूसरे गांव से संपर्क टूट गया है। बाढ़ के कारण बंद प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों की संख्या 33 पहुंच गई है। 50 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति ठप होने से बाढ़ पीड़ित अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। बिलग्राम क्षेत्र में गंगा नदी के पानी में कमी और बढ़ोतरी न हुई हो लेकिन, प्रवाह तेज होने के कारण प्रभावित गांवों में निर्माण कार्यों को नुकसान पहुंचने लगा है। क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांव में पानी भरा हुआ है। कई रास्तों पर पानी बढ़ने से आवागमन बाधित हुआ है।
मल्लावां क्षेत्र के देबीपुरवा, गुलाबपुरवा, हीरापुरवा, हरीगंज के तीन गांव, भैंसीपुरवा, आबादी, नोनार, बक्शीपुरवा, महिमपुर, रत्तेपुरवा, लोकैयापुरवा, शेखनपुरवा में गंगा नदी के बाढ़ का पानी भर गया है। शाहपुर प्रधान ने प्रभावित हीरापुरवा, हरीगंज, नोनार, में ग्रामीणों को भोजन पैकेट व मोमबत्ती वितरित की।एसडीएम संजीव ओझा ने बताया कि भोजन पैकेटों के साथ ही सामग्री का वितरण कराया जा रहा है। डीएम एमपी सिंह ने बताया कि प्रभावित परिवारों को राजस्व टीमों के माध्यम से हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है। दवाओं आदि का भी वितरण कराया जा रहा है।
विज्ञापन

बैराजों से 3.49 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया, गर्रा के पानी में 30 सेमी. वृद्धि
बुधवार को गंगा व रामगंगा नदियों में बैराजों से 3,49,994 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इसमें गंगा नदी में हरिद्वार से 95,411 बिजनौर से 93,047 व नरौरा से 1,07,213 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। रामगंगा नदी में खो बैराज से 50,013, हरेबली से 414 व रामनगर बैराज से 1,896 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। रामगंगा नदी का पानी 10 सेमी. कम होकर 136.30 मीटर आ गया है, जबकि गर्रा नदी का पानी 30 सेमी. बढ़कर 145.20 मीटर पर पहुंच गया है। गर्रा के पानी में वृद्धि से सवायजपुर क्षेत्र के कटियारी के गांवों में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में दिक्कतें और बढ़ गईं हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें