संवाद न्यूज एजेंसी
हरदाेई। पंचायत उपचुनाव की प्रक्रिया में प्रधान, सदस्य क्षेत्र पंचायत बीडीसी व ग्राम पंचायत सदस्य के रिक्त पदों पर प्राप्त नामांकन पत्रों की बुधवार को जांच की गई। निर्वाचन अधिकारियों ने वैध मिले नामांकन पत्रों की सूची को ब्लॉक कार्यालय में प्रदर्शित करा दिया है। सात में से बीडीसी के पांच पदों पर एकल नामांकन से निर्विरोध चुनाव तय हो गया है, दो पदों पर एक से अधिक प्रत्याशी हैं। प्रधान पद के तीन पदों पर भी एक से अधिक से प्रत्याशी होने से चुनाव तय माना जा रहा है। गुरुवार को नामवापसी की प्रक्रिया के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
पंचायत उपचुनाव की प्रक्रिया के संबंध में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि बीडीसी के सात पदों से पांच पदों पर एकल नामांकन प्राप्त हुए हैं। इसमें विकास खंड कछौना के मुसलमानाबाद से श्यामा कुमारी पत्नी राजेश कुमार, बावन के बावन तृतीय से गुलप्सा पत्नी जीशान, बिलग्राम के डाभा प्रथम से शीतला देवी पत्नी रामसागर, सुरसा के केहरमऊ से रंजीत पुत्र पूरनलाल व हरपालपुर के खसौरा द्वितीय क्षेत्र से सुबोध कुमार के एकल नामांकन प्राप्त हुए हैं।
जांच में सभी सही पाए जाने से निर्विरोध चुनाव तय हो गया है। कोथावां के पिपरी प्रथम क्षेत्र से रामजीवन व उत्तम कुमार प्रत्याशी हैं। शाहाबाद के सरदारनगर आगापुर से शारदा देवी पत्नी कौशल कुमार व कुसुम देवी पत्नी सुरेश चंद्र का नामांकन वैध पाया गया है। यहां एक से अधिक प्रत्याशी होने से मतदान कराया जाएगा। शाहाबाद में सरदारनगर आगापुर से बीडीसी पद पर पूर्व ब्लाक प्रमुख रोली गुप्ता की जेठानी कृष्णा देवी पत्नी प्रदीप कुमार गुप्ता की ओर से मंगलवार को कराए गए नामांकन पत्र को बुधवार को इनके प्रस्तावक विपिन कुमार ने ही वापस ले लिया।
आरओ ज्ञानेश्वर प्रसाद ने बताया दो नामांकन पत्र बचे जो जांच में वैध पाए गए हैं। प्रधान के रिक्त पदों में विकास खंड माधौगंज की ग्राम पंचायत बरहस में सुशीला पत्नी उदयराज व निर्मला पुत्री उदयराज, महेंद्र कुमार व रामचंद्र, भरखनी की ग्राम पंचायत हुल्लापुर पत्योरा में ब्रजराज, परिमल व परसराम और टोडरपुर की ग्राम पंचायत ढकिया तिगावां में जगदेवी पत्नी सुरेंद्र पाल, रेनू पत्नी दिनेश कुमार, ऊषा पत्नी सुशील कुमार व दिनेश कुमार के नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं।