हरपालपुर। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के मौके पर बुधवार को कस्बे के कटियारी डिग्री कॉलेज में योगाभ्यास व विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ। संगोष्ठी में वक्ताओं ने आज के दौर में विघटित हो रहे परिवारों पर चिंता व्यक्त की और अपने अनुभव साझा किए।
कटियारी डिग्री कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर संगोष्ठी आयोजित की गई। भारत स्वाभिमान के जिला प्रभारी रामसिंह ने कहा कि परिवारों में विघटन को रोकने के लिए बुजुर्गों व युवाओं में सामंजस्य जरूरी है। वरिष्ठ जनों को योग-प्राणायाम से अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने की अपील की। समाज सुधारक समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह ने बच्चों को शिक्षित व संस्कारित करने पर जोर दिया। सेवानिवृत शिक्षक श्रीकृष्ण यादव ने युवा पीढ़ी से बुजुर्गों की देखभाल व सम्मान करने पर जोर दिया।
मेवाराम यादव ने कहा कि बुजुर्ग अपनी सेहत का भी ध्यान रखें ताकि आने वाली पीढ़ी उनके अनुभवों का लाभ उठा सके। वीरेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि बुजुर्ग भावी पीढ़ी से ज्यादा अपेक्षाएं न रखें व अपनी देखभाल स्वयं करें। इस मौके पर योग शिक्षक रामशंकर, प्रबंधक राजवीर सिंह, वीरेंद्र सिंह वीरे, रामलड़ैते पाल, शिवपाल राजपूत आदि मौजूद रहे।