हरदोई। शहर में कुछ युवकों ने युवक की चप्पल और बेल्टों से जमकर पिटाई की। इसके बाद उसे मुर्गा भी बनाया। पिटाई का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
वायरल वीडियो कोतवाली शहर क्षेत्र का बताया जा रहा है। इसमें रात में युवक को पांच युवक पकड़ कर एक सुनसान जगह पर लेकर जाते हैं। आरोपी उससे मुर्गा बनने के लिए कहते हैं।
युवक के इन्कार करने पर एक युवक उसकी पिटाई करता है। इसके बाद युवक किसी को फोन करके बेल्ट से मारने की बात कहता है। जिस पर आरोपी उसकी चप्पलों से जमकर पिटाई करना शुरू कर देते हैं।
पिटाई से बचने के लिए वह मुर्गा बन जाता है। इतने में भी आरोपी उसे नहीं छोड़ते और पीटने लगते हैं। 40 सेकेंड के वीडियो में आरोपी उसे 16 बार मारते हैं। आरोपी खलनायक गैंग के सदस्य बताए जा रहे हैं। कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पीड़ित की तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।